एनएसटी न्यूज, भोपाल। रातीबड़ स्थित आरपीएम परिसर में आयोजित भोपाल जिला ट्रायथलॉन चैम्पियनशिप 2026 के दूसरे दिन तैराकी (स्विमिंग) और एक्वाथलॉन स्पर्धाओं का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में माइक्रो-मिनी से लेकर मास्टर्स वर्ग तक के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पियूष शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पुरषोत्तम गौर स्विमिंग पूल के संचालक डॉ. संतोष कटियार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भोपाल ट्रायथलॉन संघ के सचिव आर.डी. झा, वरिष्ठ प्रशिक्षक तनवीर हलीम सहित कई खेल प्रेमी और अभिभावक मौजूद रहे।
एक्वाथलॉन प्रतियोगिता में माइक्रो-मिनी वर्ग में इनेश थादुरी और अनाया चंदनशिवे ने पहला स्थान हासिल किया। सब-जूनियर वर्ग में अथर्व करोलिया और अनुष्का हिंगंकर विजेता रहे। जूनियर वर्ग में ध्रुव साहू और मानव पाबले ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में सरगम बाथरे (पुरुष) और रेवा जोशी (महिला) ने बाजी मारी। मास्टर्स वर्ग में डॉ. कृष्ण चंद्र रायकर और भाव्या एम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
तैराकी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। अन्वी खंडूरी, भाव्या एम, डॉ. कृष्ण चंद्र रायकर, मानव पाबले और मॉली आहूजा ने चार-चार स्वर्ण पदक जीतकर सबसे अधिक प्रभावित किया। वहीं अर्थ जैन, ध्रुव साहू, दिव्यांश यादव, सक्षम यूएसएस और तेजस बाथम ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि छोटे वर्गों के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे भविष्य में बेहतर खिलाड़ियों की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं। मुख्य अतिथि पियूष शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खेलों के विकास और नई प्रतिभाओं को मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं डॉ. संतोष कटियार ने इसे खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त अवसर बताया।


