एनएसटी न्यूज, भोपाल। पिपलानी स्थित टास क्लब में जूडो, ताइक्वांडो, कुराश एवं सेल्फ डिफेंस का ग्रीष्मकालीन समर ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस शिविर में करीब 50 बच्चे भाग ले रहे हैं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों से मार्शल आर्ट की बारीकियां सीख रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कैंप के एक विशेष सत्र में अंतरराष्ट्रीय एवं NIS कोच सुरेश श्रीवास्तव ने बच्चों को आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और फिटनेस के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस सीखना बेहद जरूरी हो गया है, जिससे वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के कई वरिष्ठ खिलाड़ी और खेल व्यक्तित्व भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। आयोजकों के अनुसार, यह समर कैंप बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है।


