फटोरदा। Bengaluru FC और Odisha FC के बीच खेले गए इंडियन सुपर लीग मुकाबले में रोमांचक ड्रॉ देखने को मिला। मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ, जहां दूसरे हाफ में ब्रायन सांचेज़ की पेनल्टी ने बेंगलुरु को हार से बचा लिया। इस नतीजे के बाद बेंगलुरु एफसी 11 मैचों में 17 अंकों के साथ छठे स्थान पर बनी हुई है, जबकि ओडिशा एफसी 10 मैचों में 7 अंकों के साथ निचले पायदान पर ही कायम है।
मैच की शुरुआत में Odisha FC ने तेज खेल दिखाया और 35वें मिनट में रहीम अली के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली। लालरिनफेला कियांगते के शानदार पास पर रहीम ने बेहतरीन फिनिश करते हुए गेंद को गोलपोस्ट के निचले कोने में पहुंचाया। पहले हाफ में ओडिशा की डिफेंस लाइन ने मजबूती से खेलते हुए बेंगलुरु को कोई बड़ा मौका नहीं दिया और टीम बढ़त के साथ ब्रेक तक पहुंची।
दूसरे हाफ में Bengaluru FC ने वापसी की कोशिश तेज कर दी। 47वें मिनट में सोहम वर्शनेया को पेनल्टी एरिया में फाउल किया गया, जिसके बाद ब्रायन सांचेज़ ने शानदार अंदाज में पेनल्टी को गोल में बदल दिया। इसके बाद बेंगलुरु ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन ओडिशा के गोलकीपर अनुज कुमार और डिफेंडर्स ने कई अहम मौके बचाकर टीम को हार से बचाए रखा। अंत में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
अन्य मुकाबलों की बात करें तो SC Delhi और Punjab FC के बीच खेला गया मैच गोलरहित ड्रॉ रहा। वहीं NorthEast United FC ने इंटर काशी को 3-2 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इसके अलावा Jamshedpur FC ने एफसी गोवा को 2-0 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।


