हैदराबाद. पूर्व भारतीय क्रिकेटर Ambati Rayudu को Hyderabad Cricket Association (HCA) का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल तीन वर्षों का होगा और यह तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। रायडू ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनके लिए एक बड़ा अवसर है और वे सिस्टम में मौजूद कुछ कमियों को दूर करना चाहते हैं। उन्होंने खासतौर पर हैदराबाद और तेलंगाना के युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
यह नियुक्ति उनके करियर के उस अध्याय का भी नया मोड़ है, जब उन्होंने 2019 में एचसीए में कथित भ्रष्टाचार और चयन प्रक्रिया में राजनीति के आरोप लगाए थे। उस विवाद के बाद उन्होंने हैदराबाद टीम छोड़ दी थी और अपने घरेलू करियर के दौरान आंध्र और बड़ौदा के लिए भी खेला। रायडू का क्रिकेट करियर काफी सफल रहा है। उन्होंने भारत के लिए 55 वनडे और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जबकि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में छह खिताब जीते हैं, जिनमें Mumbai Indians और Chennai Super Kings के साथ तीन-तीन ट्रॉफी शामिल हैं। संन्यास के बाद भी रायडू ने कैरेबियन प्रीमियर लीग और इंटरनेशनल लीग टी20 जैसे टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। अब एचसीए में नई जिम्मेदारी के साथ वह क्रिकेट प्रशासन में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।


