नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 50 मुकाबले पूरे हो चुके हैं और गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स ने हार का सिलसिला तोड़ते हुए डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हरा दिया। इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा एक स्टार बल्लेबाज के डक पर क्लीन बोल्ड होने की रही। प्रिंस यादव की उस शानदार गेंद ने हर किसी का ध्यान खींचा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब खुद प्रिंस यादव ने उस विकेट का राज खोलते हुए बताया कि कैसे उन्होंने बल्लेबाज से मिले ‘गुरुमंत्र’ को उसी के खिलाफ इस्तेमाल कर सफलता हासिल की।
दरअसल, यह इस सीजन आरसीबी और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच दूसरी भिड़ंत थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद प्रिंस यादव ने खुलासा करते हुए कहा, “पिछले मैच के बाद विराट भैया से मेरी बातचीत हुई थी। उन्होंने मुझे सलाह दी थी कि जब तक लेंथ से गेंद मूव कर रही है, तब तक लेंथ नहीं छोड़नी चाहिए।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस ने बताया कि उन्होंने इस मुकाबले में उसी सलाह को अपनाया और उसका फायदा भी मिला। यही वजह रही कि उन्होंने शानदार गेंद पर बल्लेबाज को डक पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
6 साल बाद रन चेज में शून्य पर आउट हुए विराट
विराट कोहली का चेजिंग करते हुए आईपीएल में छह साल बाद यह डक आया है। इससे पहले 2017 में केकेआर के खिलाफ वह डक पर आउट हुए थे जब आरसीबी की पूरी टीम 49 रन पर सिमट गई थी। यह लीग के इतिहास का सबसे कम स्कोर है। वहीं इससे पहले आईपीएल के किसी मैच में विराट 46 पारियों पहले 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ डक पर आउट हुए थे।
प्रिंस यादव के लिए यादगार साबित हो रहा IPL 2026
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम भले ही इस सीजन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई हो, लेकिन युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपने खेल से सभी का ध्यान जरूर खींचा है। डेब्यू सीजन में ही उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 मैचों में 18.69 की औसत से 16 विकेट हासिल किए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2026 के पहले 50 मुकाबलों के बाद वह संयुक्त रूप से लीग के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। प्रिंस यादव टॉप पर मौजूद भुवनेश्वर कुमार और दूसरे स्थान पर काबिज अंशुल कंबोज से सिर्फ एक विकेट पीछे हैं, जिनके नाम 17-17 विकेट दर्ज हैं।


