डबलिन/नई दिल्ली। Rahul Dravid को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) की फ्रेंचाइजी टीम डबलिन गार्डियंस का मालिक घोषित किया गया है। यह घोषणा 2026 में शुरू होने वाली इस नई टी20 लीग से पहले की गई, जिसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी।ETPL का आयोजन क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन के साथ मिलकर किया जा रहा है। यह लीग डबलिन, बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम की टीमों के साथ यूरोप की पहली ICC-मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ्रेंचाइजी टी20 लीग बन गई है।
लीग में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय नाम भी जुड़े हैं। बॉलीवुड अभिनेता Abhishek Bachchan भी इस लीग के सह-मालिकों में शामिल हैं। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव वॉ, क्रिस गेल, फाफ डु प्लेसिस, जोंटी रोड्स और हेनरिक क्लासेन जैसे दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व क्रिकेटर भी अलग-अलग टीमों के मालिक या खिलाड़ी के रूप में जुड़े हैं। डबलिन गार्डियंस से जुड़ने पर द्रविड़ ने कहा कि इस परियोजना ने उन्हें इसलिए आकर्षित किया क्योंकि इसका उद्देश्य यूरोप में क्रिकेट को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बेहतर रास्ते बनाने और खेल को नई पहचान देने की बड़ी संभावनाएं हैं।
द्रविड़ ने यह भी कहा कि किसी भी नए क्रिकेट बाजार में सफलता सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन से नहीं मिलती, बल्कि दर्शकों के अनुभव और खेल संस्कृति को विकसित करने से भी मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्टेडियम में आने वाले दर्शकों के लिए माहौल, सुविधाएं और आयोजन उच्च स्तर का होना चाहिए, ताकि क्रिकेट अन्य स्थापित खेलों से प्रतिस्पर्धा कर सके। ETPL का पहला सीजन अगस्त 2026 में शुरू होने की संभावना है और इसे यूरोप में क्रिकेट के विस्तार के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।


