नई दिल्ली : आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें स्थान पर संघर्ष कर रही है। केकेआर को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अब अपने बचे हुए सभी मैच जीतने होंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अब तक 11 मैच खेले हैं। इसमें से उसने सात में जीत हासिल की है, जबकि चार में उसे हार का सामना किया है। उसके 14 अंक हैं और नेट रनरेट +1.103 है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इसमें से उसने सिर्फ चार में जीत हासिल की है, जबकि पांच में हार का सामना किया है। उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स के नौ अंक हैं और नेट रनरेट -0.169 है।
RCB vs KKR हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर एक नजर
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं। इन दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 35 में से 20 मैच में जीत हासिल की है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15 मुकाबले अपने नाम किये हैं। आईपीएल 2023 से अब तक, कोलकाता नाइट राइडर्स ने चार बार जीत हासिल की है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से सिर्फ एक बार हारी है।
रायपुर पिच रिपोर्ट: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की स्थिति
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस मैच के लिए शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच को भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या ने एक मुश्किल बताया था। हालांकि, मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने इसे एक ‘स्पोर्टिंग विकेट’ करार दिया था। उन्होंने कहा था कि इस पिच पर गेंदबाजों को मजा आएगा। मुंबई इंडियंस ने 166 रन बनाए और मैच फिर भी आखिरी गेंद तक गया। इससे यह यह साबित होता है कि जब गेंदबाजों को मदद मिलती है तो औसत स्कोर भी रोमांचक मुकाबले में बदल सकते हैं। इस बार भी ऐसी ही पिच देखने को मिल सकती है और 160-180 के बीच का कोई भी स्कोर फिर से एक प्रतिस्पर्धी स्कोर माना जाएगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु कैंप में फिल साल्ट अब तक अपनी अंगुली की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इसका मतलब है कि जैकब बेथेल ही पारी की शुरुआत करेंगे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के आखिर में क्रुणाल पंड्या को क्रैम्प्स (मांसपेशियों में खिंचाव) की शिकायत हुई थी, लेकिन वह इस मैच के लिए फिट होने चाहिए। हालांकि, उन्होंने मंगलवार 12 मई 2026 को प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा नहीं लिया और आराम करना ही बेहतर समझा।
इस बीच, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने बल्लेबाजी सत्र में बैटिंग ऑर्डर के हिसाब से ही हिस्सा लिया। इसमें एक हैरानी की बात यह थी कि वेंकटेश अय्यर ने नेट्स में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की। उनके बाद जितेश शर्मा और टिम डेविड आए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने सेशन के बिल्कुल आखिर में बल्लेबाजी की। इससे इस बात की संभावना बनती है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व ऑलराउंडर को इस मैच में खेलने का मौका मिल सकता है।
भुवनेश्वर कुमार का अजिंक्य रहाणे के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा है। भुवनेश्वर कुमार ने 18 पारियों में KKR के कप्तान को सात बार आउट किया है। क्रुणाल पंड्या भी अच्छा विकल्प हैं। क्रुणाल पंड्या ने अजिंक्य रहाणे को पांच बार आउट किया है। जोश हेजलवुड ने तीन पारियों में फिन एलन को दो बार आउट किया है, जिससे यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित XII: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर/रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, रसिक सलाम डार/जैकब डफी।
कोलकाता नाइट राइडर्स में वरुण चकवर्ती अभ्यास के दौरान मौजूद थे। उन्होंने थोड़ी गेंदबाजी भी की, लेकिन पूरी रफ्तार से नहीं। बाद में उन्हें कुछ स्ट्रेचिंग करते देखा गया, जबकि बाकी समय उन्होंने बैठकर बातचीत करते हुए बिताया। वरुण के बारे में शेन वॉटसन ने कहा, ‘‘हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह मैच के लिए उपलब्ध होंगे, लेकिन हम पूरी तरह से पक्का नहीं कह सकते।’’
मथीशा पथिराना के बारे में शेन वॉटसन ने कहा, ‘‘पथिराना लगातार टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वह पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं, लेकिन हमारी टीम जिस तरह से बनी हुई है, उसे देखते हुए उनके लिए प्लेइंग 11-12 में जगह बनाना जाहिर तौर पर थोड़ा मुश्किल रहा है।’’
विराट कोहली ने आईपीएल में केकेआर के खिलाफ 32 पारियों में 1021 रन बनाए हैं। इसमें सात अर्धशतक और एक शतक शामिल है। उनके खिलाफ सुनील नरेन का इस्तेमाल करना KKR के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। सुनील नरेन ने विराट कोहली को 4 बार आउट किया है।
देवदत्त पडिक्कल के खिलाफ भी सुनील नरेन एक अच्छा विकल्प हैं। सुनील नरेन ने उन्हें तीन पारियों में दो बार आउट किया है। वह क्रुणाल पंड्या और रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ भी प्रभावी हो सकते हैं। सुनील नरेन ने क्रुणाल और रोमारियो को भी 3-3 बार आउट किया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित XII: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती/नवदीप सैनी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 57वां मैच, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
मैच की तारीख: 13 मई 2026 (बुधवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर।
सीधा प्रसारण: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मैच के दिलचस्प तथ्य
- फिन एलन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आईपीएल में पहली बार पावरप्ले से ज्यादा खेले। यह पहला मौका था जब उन्होंने IPL 2026 की किसी एक पारी में 20 से ज्यादा गेंदें खेलीं।
- आईपीएल 2024 से फिन एलन ने 20वीं गेंद के बाद 218.33 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। यह T20 क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा है।
- RCB के ओपनर्स ने इस सीजन अब तक 11 पारियों में कुल मिलाकर 332 रन बनाए हैं। उनका औसत 30.16 और रन-रेट 9.91 रहा है। उनके बीच सिर्फ दो बार 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हुई है।
- पिछले सीजन में उन्होंने 45.46 के औसत और 10.30 के रन-रेट से 682 रन का योगदान दिया था और उनके बीच सात बार 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हुई थी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, रसिक सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, फिल सॉल्ट, नुवान तुषारा, विहान मल्होत्रा, अभिनंदन सिंह, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, स्वप्निल सिंह।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, नवदीप सैनी, टिम सीफर्ट, रचिन रविंद्र, ब्लेसिंग मुजरबानी, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, सार्थक रंजन, प्रशांत सोलंकी, सौरभ दुबे, उमरान मलिक, दक्ष कामरा।


