लंदन। न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले महीने लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में एमिलियो गे, जेम्स रेव और तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को शामिल किया गया है। डरहम के बल्लेबाज एमिलियो गे को जैक क्रॉली की जगह टीम में मौका मिला है। गे ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 552 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक शामिल हैं। वहीं समरसेट के युवा बल्लेबाज जेम्स रेव को भी पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है।
इंग्लैंड टीम में करीब दो साल बाद तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की वापसी हुई है। फिटनेस समस्याओं के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे रॉबिन्सन ने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। उनके अलावा रेहान अहमद, सॉनी बेकर और मैथ्यू फिशर को भी टीम में शामिल किया गया है। दूसरी ओर जैक क्रॉली, ओली पोप, मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी टीम से बाहर हैं। आर्चर फिलहाल आईपीएल में व्यस्त हैं और रेड-बॉल क्रिकेट के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।
इंग्लैंड क्रिकेट निदेशक रॉब की ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा प्रतिभा का अच्छा संतुलन रखा गया है। कप्तान बेन स्टोक्स की अगुआई वाली टीम में जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन डकेट और जेमी स्मिथ जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 4 जून से लॉर्ड्स में खेला जाएगा।


