चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को चोटिल रामकृष्ण घोष के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया है। सीएसके ने नोरोन्हा को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अनुबंधित किया है। रामकृष्ण घोष को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल डेब्यू मैच के दौरान पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
मैकनील नोरोन्हा ने हाल के घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें 2024-25 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए बीसीसीआई के प्रतिष्ठित एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने महाराजा ट्रॉफी 2025 में मंगलुरु ड्रैगन्स की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। टूर्नामेंट में उन्होंने 10 पारियों में 253 रन बनाए और ऑफ स्पिन से 10 विकेट भी हासिल किए।
सीएसके इस सीजन में लगातार चोटों से परेशान रही है। टीम पहले ही आयुष म्हात्रे, नाथन एलिस और खलील अहमद जैसे खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है, जबकि एमएस धोनी भी अब तक पिंडली की चोट के कारण बाहर हैं। सीएसके फिलहाल 11 मैचों में 12 अंक लेकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।


