– गोल्डन टाइगर्स को 5 विकेट से दी शिकस्त, विजेता टीम को मिले 2 लाख रुपये, सौरभ राजपूत बने मैन ऑफ द मैच
एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी के ऐतिहासिक बाबे अली क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘गिल्ट फ्री प्रेजेंट 10वां लेट राजा अली टी20 क्रिकेट डे-नाइट टूर्नामेंट 2026’ का बुधवार रात भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में वेदांत सुपर किंग ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्डन टाइगर्स को 5 विकेट से पराजित कर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। इस बड़ी जीत के साथ विजेता टीम को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, वहीं उपविजेता गोल्डन टाइगर्स को 1 लाख रुपये से संतोष करना पड़ा।
सौरभ राजपूत का ऑलराउंड प्रदर्शन
फाइनल मैच में वेदांत सुपर किंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का साहसिक निर्णय लिया। गोल्डन टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 142 रन बनाए। टीम की ओर से अब्दुस समद ने नाबाद 53 रनों की जुझारू पारी खेली। वेदांत सुपर किंग के गेंदबाज सौरभ राजपूत ने सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए और बाद में बल्ले से भी 25 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
यश और आयुष की बल्लेबाजी से आसान हुई राह
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत सुपर किंग ने संयम से पारी की शुरुआत की। यश जांगिर ने ताबड़तोड़ 48 रन और आयुष कुशवाहा ने 36 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। वेदांत सुपर किंग ने 18.2 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गोल्डन टाइगर्स के गेंदबाज अलीजार खान और सलमान ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे हार नहीं टाल सके।टूर्नामेंट के आयोजक जमरान जावेद ने सफल आयोजन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य भोपाल की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है। समापन समारोह में व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
टूर्नामेंट के सितारे:
मैन ऑफ द टूर्नामेंट: नितेश पालिया
बेस्ट बल्लेबाज: अभिषेक गिरी
बेस्ट गेंदबाज: अलीजार खान
बेस्ट विकेटकीपर: राहुल पिल्लई
बेस्ट फील्डर: आकाश राजपूत
फाइनल मैन ऑफ द मैच: सौरभ राजपूत


