एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम को 6-3 से हराकर चार मैचों की सीरीज में दमदार वापसी की। उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर, भोपाल में खेले गए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। भारत ने मैच की शुरुआत से ही तेज आक्रमण किया। पहले क्वार्टर में आकाश दीप ने 10वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि 14वें मिनट में शाहरुख अली ने दूसरा गोल दागकर बढ़त मजबूत कर दी। दूसरे क्वार्टर में कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने लगातार गोल कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ा दिया। केतन ने 25वें मिनट और रोमित ने 26वें मिनट में गोल कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
तीसरे क्वार्टर में कप्तान केतन कुशवाहा ने 40वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद अंश बहुत्रा ने 45वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त को 6-3 तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ओवेन टेलर, ऑस्कर फ्रीमैन और जैक वेलर ने गोल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने अंतिम क्वार्टर में शानदार खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया। सीरीज का चौथा और अंतिम मुकाबला 20 मई को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय टीम अब इस निर्णायक मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।


