नई दिल्ली : दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने 50 साल बाद इटैलियन ओपन जीतने वाले पहले इतालवी पुरुष खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया है। इससे पहले 1976 में एड्रिआनो पनाटा ने यह खिताब अपने नाम किया था। फोरो इटालिको की लाल मिट्टी पर खेले गए फाइनल मुकाबले में सिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैस्पर रूड को 6-4, 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह नौं मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट जीतने वाले इतिहास के दूसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि नोवाक जोकोविक ने हासिल की थी। जोकोविक ने 2018 में सिनसिनाटी में 31 वर्ष की उम्र में यह करियर सेट पूरा किया था और बाद में हर मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट कम से कम दो बार जीता।
सामने नहीं टिक सका कोई प्रतिद्वंद्वी
वहीं, 24 वर्षीय सिनर के सामने फिलहाल कोई बड़ा प्रतिद्वंद्वी नजर नहीं आ रहा है, क्योंकि उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अलकराज दाहिने हाथ की कलाई की चोट के कारण बाहर चल रहे हैं। सिनर ने अपनी लगातार जीत का सिलसिला 29 मैचों तक पहुंचा दिया है। उन्होंने आखिरी बार 19 फरवरी को कतर ओपन के क्वार्टर फाइनल में याकूब मेंसिक के विरुद्ध हार झेली थी। इसके बाद से वह अजेय हैं। फ्रेंच ओपन अगले रविवार से शुरू होने वाला है और उससे पहले इस साल क्ले कोर्ट पर सिनर का रिकार्ड 17-0 हो चुका है।-
स्वितोलिना ने महिला सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया
वहीं एलिना स्वितोलिना ने लगभग तीन घंटे तक चले रोमांचक मुकाबले में कोको गफ को 6-4, 6-7 (3), 6-2 से हराकर तीसरी बार इटैलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले यूक्रेनी खिलाड़ी ने 2017 और 2018 में भी रोम में यह ट्रॉफी जीती थी। 2018 के बाद यह उनका पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब भी रहा। मैच के बाद स्वितोलिना ने कहा कि यह विश्वास करना बहुत मुश्किल है कि मुझे यहां यह ट्राफी जीते हुए आठ साल हो गए हैं। इन दो हफ्तों के प्रदर्शन से मैं बेहद खुश हूं।


