एमआर अर्जुन-हरिहरन अम्साकरुनन ने मलेशिया मास्टर्स के पहले दौर में पोपोव ब्रदर्स को दी शिकस्त

0

नई दिल्ली : एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्सकरुनन ने मंगलवार को मलेशिया मास्टर्स 2026 में शानदार उलटफेर करते हुए फ्रांस की स्टार जोड़ी क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव को पहले राउंड में हराया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुआलालंपुर के एक्सियाटा एरिना में खेले गए इस मुकाबले में पुरुष युगल बैडमिंटन रैंकिंग में 31वें स्थान पर मौजूद भारतीय जोड़ी ने दुनिया की 20वें नंबर की पोपोव ब्रदर्स की जोड़ी को 36 मिनट में 21-19, 21-15 से मात देकर दूसरे दौर में जगह बना ली।

पहले गेम में फ्रांसीसी जोड़ी अधिकांश समय बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन 18-16 से पीछे चल रहे एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुनन ने लगातार पांच अंक जीतकर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में भी दमदार प्रदर्शन जारी रखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत भारतीय बैडमिंटन जोड़ी के लिए बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि पोपोव ब्रदर्स इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे थे। क्रिस्टो पोपोव पुरुष एकल बैडमिंटन रैंकिंग में दुनिया के नंबर 4 खिलाड़ी हैं, जबकि टोमा जूनियर पोपोव की रैंकिंग 16वीं है। दोनों भाइयों ने इसी साल फ्रांस को थॉमस कप में रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वहीं, महिला युगल मुकाबले में अश्विनी भट्ट के और शिखा गौतम की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय बैडमिंटन जोड़ी कनाडा की जैकी डेंट और क्रिस्टल लाई से 15-21, 21-17, 17-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इसके अलावा, मार्च के बाद पहली बार BWF वर्ल्ड टूर में वापसी कर रहीं आकर्षी कश्यप का सफर भी ज्यादा लंबा नहीं चला। भारतीय शटलर महिला एकल क्वालीफायर मुकाबले में दक्षिण कोरिया कीपार्क गा यूं से 21-15, 20-22, 7-21 से हार गईं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय शटलर आकर्षी कश्यप ने मुकाबले का पहला गेम आसानी से अपने नाम किया था और दूसरे गेम में 17-11 की मजबूत बढ़त भी बना ली थी। हालांकि, दक्षिण कोरिया की पार्क गा युन ने शानदार वापसी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया। मिक्स्ड डबल्स में सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा की जोड़ी ने मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने दातु अनिफ इसाक दातु और क्लारिसा सैन को 37 मिनट में 21-15, 21-17 से हराया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वहीं, भारतीय खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने भी महिला एकल मुख्य ड्रॉ में प्रवेश कर लिया। साथी खिलाड़ियों उन्नति हुडा और रक्षिता रामराज के अंतिम समय में हटने के बाद उन्हें टूर्नामेंट में मौका मिला था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अश्मिता ने चीनी ताइपे की पाई यू पो को 21-23, 21-16, 21-16 से हराकर शानदार वापसी जीत दर्ज की और अब उनका सामना राउंड ऑफ 32 में इंडोनेशिया की खिलाड़ी थालिता रामाधानी से होगा। पेरिस 2024 ओलंपिक के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन बुधवार से पुरुष एकल मुख्य ड्रॉ में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। हालांकि, इस बार BWF सुपर 500 टूर्नामेंट में पीवी सिंधु और स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी हिस्सा नहीं ले रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here