अंडर-12 में आरव जाट चमके, अंडर-14 में ईरनवीर सिंह और शानवी मंडलोई रहे जीत के हीरो
Nst news, भोपाल। अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस रिटर्न लीग के तहत अंडर-12 और अंडर-14 वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। अंडर-12 वर्ग में शिवाजी हाउस ने पृथ्वी हाउस को हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वी हाउस की टीम निर्धारित ओवरों में सभी विकेट खोकर 55 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आरांश शर्मा ने 11 और भूपेंद्र मेवाड़ा ने 9 रन बनाए। शिवाजी हाउस की ओर से आरव जाट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि निर्भय सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाबी पारी में शिवाजी हाउस ने 2 विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आरव जाट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं अंडर-14 वर्ग में जयहिंद और वन्देमातरम हाउस के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वन्देमातरम हाउस ने 9 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम की ओर से ईरनवीर सिंह ने 48, शिवांश अग्रवाल ने 22 और आरव जाट ने 14 रन का योगदान दिया। जयहिंद की ओर से अनुज यादव ने 3 विकेट लिए, जबकि जय बैरागी को 2 सफलता मिली। तेजस सिंह, सार्थक यादव और देवतात्मान ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयहिंद हाउस की टीम 68 रन पर ऑल आउट हो गई। सुधीर अहिरवार ने 26 और अनुज यादव ने 15 रन बनाए। वन्देमातरम हाउस की ओर से शानवी मंडलोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 रन देकर 4 विकेट झटके। वंश पुवार और दिव्यांश खात्रीकर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि युवराज ठाकुर को 1 विकेट मिला। वन्देमातरम हाउस ने यह मुकाबला 66 रन से जीत लिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए शानवी मंडलोई और ईरनवीर सिंह को पूर्व नगर निगम अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया। आयोजन समिति के अनुसार कल अंडर-12 वर्ग में शिवाजी और प्रताप हाउस तथा अंडर-14 में सत्यमेव और वन्देमातरम हाउस के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।


