भोपाल में खेले गए अंतिम मुकाबले में केतन कुशवाहा, करण गौतम और बेन सिद्धार्थ ने किए गोल
NST News, भोपाल। India U18 Men’s Hockey Team और Australia U18 Men’s Hockey Team के बीच खेली गई चार मैचों की हॉकी सीरीज 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुई। बुधवार को भोपाल स्थित Udhav Das Mehta (Bhai Ji) Central SAI Centre में खेले गए अंतिम मुकाबले में दोनों टीमों ने 3-3 से ड्रॉ खेला। भारतीय टीम ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। करण गौतम ने 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद बेन सिद्धार्थ ने 14वें मिनट में फील्ड गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे क्वार्टर में वापसी करते हुए जेट जॉनस्टोन के 18वें और 25वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। भारतीय कप्तान केतन कुशवाहा ने 40वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन मैच समाप्त होने से तीन मिनट पहले एंड्रयू फॉल्ड्स ने 57वें मिनट में गोल कर ऑस्ट्रेलिया को बराबरी दिला दी। भारतीय पुरुष टीम ने चार मैचों की सीरीज में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ अभियान समाप्त किया। वहीं इससे पहले खेले गए मुकाबले में भारतीय अंडर-18 महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।


