दिल्ली। मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली बेटी नेहा साहू ने एक बार फिर भोपाल और पूरे मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खेल, फिटनेस, युवा सशक्तिकरण और लोक संस्कृति के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए नेहा साहू को प्रतिष्ठित “100 आइकॉनिक वूमेन ऑफ इंडिया अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री रीतू शिवपुरी के हाथों प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की आयोजक तबस्सुम हक़ भी मंच पर मौजूद रहीं। सम्मान समारोह में अभिनेत्री रितु शिवपुरी ने नेहा की सराहना करते हुए कहा कि “नेहा जैसी बेटियां ही देश की असली ताकत हैं, जो अपने हुनर और मेहनत से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।”
खेल जगत में बनाई अलग पहचान
नेहा साहू योग में एमए, एमपीएड और बीपीएड की डिग्री प्राप्त कर चुकी हैं। वे राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी और नेशनल पावरलिफ्टर हैं। सीनियर महिला बेंच प्रेस चैंपियन रह चुकीं नेहा ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया है। कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी वर्तमान में युवाओं को फिटनेस और खेलों से जोड़कर उन्हें नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
लोक संस्कृति संरक्षण में भी निभा रहीं अहम भूमिका
मध्यप्रदेश के सागर जिले की रहने वाली नेहा साहू अपने खेल के प्रति जुनून के चलते भोपाल मैं खेली और पढ़ाई की और अब खेलों के साथ-साथ नेहा साहू बुंदेलखंड की लोक संस्कृति को सहेजने का भी काम कर रही हैं। वे राई, दीवारी, बधाई, सैरा और नौरता जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों का निःशुल्क प्रशिक्षण देकर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही हैं। गांव-गांव जाकर बच्चों और युवाओं को लोक संस्कृति के प्रति जागरूक करना उनका प्रमुख उद्देश्य है।
नेहा बोलीं — यह सम्मान पूरे प्रदेश की बेटियों का
सम्मान मिलने के बाद नेहा साहू ने कहा कि “यह अवॉर्ड केवल मेरा नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की उन सभी बेटियों का सम्मान है जो बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। अपनी संस्कृति और पहचान को बचाकर ही हम सही मायनों में सशक्त बन सकते हैं।” नेहा साहू की इस उपलब्धि पर भोपाल के सभी खेल संघों और खिलाड़ियों ने बधाई और शुभकामनाएँ दीं हैं ।


