लंदन. किकबॉक्सिंग के दिग्गज रीको वेरहोवेन अब प्रोफेशनल बॉक्सिंग की सबसे बड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं। 37 वर्षीय डच खिलाड़ी शनिवार को मिस्र के गीजा पिरामिड्स के सामने यूक्रेन के अपराजित विश्व चैंपियन ओलेक्सांद्र उसिक के खिलाफ WBC हेवीवेट खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। खास बात यह है कि यह वेरहोवेन के करियर का केवल दूसरा प्रोफेशनल बॉक्सिंग मुकाबला होगा।
हालांकि वेरहोवेन बॉक्सिंग की दुनिया में नए नहीं हैं। उन्होंने वर्षों तक पूर्व विश्व चैंपियन टायसन फ्यूरी के साथ स्पारिंग की और फ्यूरी के चाचा पीटर फ्यूरी से बॉक्सिंग प्रशिक्षण लिया। पीटर फ्यूरी पिछले 15 वर्षों से उनके साथ काम कर रहे हैं और इस मुकाबले में भी उनके कॉर्नर में मौजूद रहेंगे। वेरहोवेन ने बताया कि शुरुआती स्पारिंग सेशन में टायसन फ्यूरी के खिलाफ उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। कई बार उनकी आंखें सूज गईं, लेकिन उसी अनुभव ने उन्हें बेहतर मुक्केबाज बनने की प्रेरणा दी।
GLORY किकबॉक्सिंग हेवीवेट चैंपियन रह चुके वेरहोवेन पिछले एक दशक से अधिक समय से अपने खेल में अपराजित हैं। उनकी लंबाई 6 फीट 5 इंच और वजन लगभग 270 पाउंड है, जो उन्हें उसिक पर शारीरिक बढ़त देता है। हालांकि अधिकांश विशेषज्ञ उसिक को इस मुकाबले में प्रबल दावेदार मान रहे हैं, लेकिन पीटर फ्यूरी और कई फाइटर्स का मानना है कि वेरहोवेन अपने दमदार पंच, फिटनेस और मानसिक मजबूती से बड़ा उलटफेर कर सकते हैं।


