नई दिल्ली : आईपीएल 2025 में पहली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार ने अपनी शानदार कप्तानी का सिलसिला मौजूदा सीजन में भी जारी रखा है, जहां उन्होंने आरसीबी को बेहतरीन प्रदर्शन के साथ अंक तालिका में नंबर 1 पर रखते हुए प्लेऑफ में जगह दिलाई। उनकी इसी नेतृत्व क्षमता के कारण टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और दिग्गज बल्लेबाज वसीम जाफर ने उन्हें अपनी टॉप रेटिंग दी है। दरअसल, वसीम जाफर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो पर आईपीएल 2026 के लिए 1 से 10 तक के टॉप कप्तानों की सूची तैयार की, जिसमें उन्होंने रजत पाटीदार को नंबर 1 कप्तान के रूप में चुना है।
जबकि जाफर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को सबसे नीचे नंबर 10 पर जगह दी है। उन्होंने दूसरे स्थान पर इशान किशन और पैट कमिंस दोनों को शामिल किया है। दरअसल सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शुरू में कमिंस की गैरमौजूदगी में इशान की कप्तानी में उतरी थी और बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उसके बाद पैट कमिंस की वापसी के बाद भी टीम का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रहा। सीजन में मोमेंटम हैदराबाद को इशान की कप्तानी से ही मिला था।
टॉप 5 से बाहर हुए रियान पराग, फैंस को लगा झटका
राजस्थान की टीम लीग स्टेज के आखिरी दिन 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी। इस टीम का प्रदर्शन पूरे लीग स्टेज में उतार-चढ़ाव भरा रहा। सीजन की शुरुआत टीम की अच्छी थी लेकिन बाद में डगमगा गई। जाफर ने अपनी लिस्ट में रियान को टॉप 4 छोड़िए टॉप 5 में भी जगह नहीं दी है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को छठी रेटिंग पर रखा है।
वसीम जाफर के टॉप 10 कप्तानों की लिस्ट (नंबर 1 से 10 तक रेटिंग)
1- रजत पाटीदार
2- इशान किशन/पैट कमिंस
3- शुभमन गिल
4- श्रेयस अय्यर
5- अजिंक्य रहाणे
6- रियान पराग
7- अक्षर पटेल
8- ऋतुराज गायकवाड़
9- हार्दिक पंड्या
10- ऋषभ पंत
खराब फॉर्म में लखनऊ और मुंबई, लगातार हार से बढ़ी चिंता
लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन बेहद खराब रहा है। टीम ने 14 में से 10 मैच हारकर सिर्फ 8 अंकों के साथ अंक तालिका में 10वां स्थान हासिल किया। वहीं मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा और वह भी पूरे सीजन संघर्ष करती नजर आई। मुंबई ने भी 14 मैचों में केवल 8 अंक ही जुटाए। इसी खराब प्रदर्शन को देखते हुए वसीम जाफर ने हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत को अपनी टॉप कप्तानों की सूची के आखिरी दो स्थानों पर रखा है।


