धर्मशाला. आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 खेलना होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें दोनों ने 4-4 मैच जीते हैं। गुजरात पहली बार धर्मशाला में आईपीएल मैच खेलेगी।
गुजरात टाइटंस ने सीजन के दूसरे हिस्से में शानदार वापसी की है। अप्रैल में आरसीबी से हारने के बाद टीम ने अपने खेल में आक्रामक बदलाव किया और सात में से छह मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर टीम की बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी हैं, जबकि कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और राशिद खान गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
दूसरी ओर, पिछले साल की चैंपियन आरसीबी पूरे सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही है। टीम के लिए फिल सॉल्ट की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। विराट कोहली, रजत पाटीदार और जितेश शर्मा बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। भुवनेश्वर और रबाडा इस सीजन के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं।
धर्मशाला की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है और यहां रात के मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करना आसान रहा है। छोटे मैदान और तेज आउटफील्ड के कारण बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं। मौसम साफ रहने की संभावना है, ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।


