नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात के ओपनर बल्लेबाज साई सुदर्शन ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हो गए। जिस तरह से वह पवेलियन लौटे, वह किसी भी खिलाड़ी के साथ न हो। उनके इस तरह आउट होने के बाद टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और बैकफुट पर चली गई। हालांकि 14 रन पर आउट होने के बावजूद वह ऑरेंज कैप की दौड़ में अभी भी पहले स्थान पर बने हुए हैं।
साई सुदर्शन हिट विकेट होकर हुए आउट
साई सुदर्शन आरसीबी के खिलाफ हिट विकेट आउट हुए। ये वाकया तब हुआ जब आरसीबी के लिए तीसरा ओवर जैकब डफी फेंक रहे थे। डफी के इस ओवर की तीसरी गेंद पर साई सुदर्शन ने शानदार शॉट लगाया और गेंद बाउंड्री के पार भी चली गई, लेकिन वो आउट हुए। दरअसल हुआ ये कि साई शॉट लगाने के बाद जब पीछे की तरफ मुड़े और रन लेने के लिए आगे बढ़े तभी बैट उनके हाथ से छूट गया और वो उछलकर नीचे गिरने के बाद स्टंप से जाकर टकरा दिया। यानी चौका भी नहीं मिला और वो फोकट में आउट भी हो गए।
652 रनों के साथ साई सुदर्शन का शानदार सीजन
साई सुदर्शन इस लीग में अब तक शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और इस मैच में भी अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने 9 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 14 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद वह आउट हो गए। इस सीजन में साई अब तक 15 मैचों में 652 रन बना चुके हैं। उनका औसत 46.57 रहा है, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 157.87 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 65 चौके और 29 छक्के भी लगाए हैं।


