नई दिल्ली : ईशा सिंह ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित इस टूर्नामेंट में ईशा ने विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड जीतकर नया इतिहास रच दिया। 21 वर्षीय भारतीय निशानेबाज ने फाइनल में 50 में से 43 अंक हासिल किए, जो सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में नया विश्व रिकॉर्ड बन गया। उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय शूटिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान दिलाई। ईशा सिंह का यह पदक आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2026 सीजन में भारत का राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में पहला व्यक्तिगत पदक भी साबित हुआ।
इस स्वर्ण पदक के साथ ईशा ने दिसंबर में इटली के रोम में होने वाले सीजन एंडिंग आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल के लिए सीधा क्वालिफिकेशन भी हासिल कर लिया। जर्मनी की डोरेन वेनेकैम्प ने 38/50 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि बुल्गारिया की मिरोस्लावा मिन्चेवा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। पेरिस 2024 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता यांग जी क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहने के बावजूद फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं।
वहीं, भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। मनु ने क्वालिफिकेशन में 582-19x का स्कोर किया और 12वें स्थान पर रहीं। राही सरनोबत, जिन्होंने इसी स्पर्धा में 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स का स्वर्ण पदक जीता था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने भी फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 581-23x का स्कोर करते हुए 14वां स्थान हासिल किया।
अर्शदीप कौर और तेजस्विनी ने रैंकिंग प्वाइंट्स ओनली (RPO) कैटेगरी में हिस्सा लिया, जहां वे क्रमशः 44वें और 51वें स्थान पर रहीं। इसके साथ ही राइफल, पिस्टल और शॉटगन विश्व कप स्पर्धाओं में भारत का यह सीजन का तीसरा पदक भी बन गया। इससे पहले स्पेन के ग्रेनाडा में आयोजित राइफल/पिस्टल विश्व कप में मुकेश नेलावल्ली और पलक गुलिया ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।
वहीं कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित शॉटगन विश्व कप में विवान कपूर और नीरू ढांडा ने मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। इस साल की शुरुआत में ईशा सिंह ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल का स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया था। अब म्यूनिख में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में वह एक बार फिर चुनौती पेश करेंगी, जहां उनके साथ मनु भाकर भी मुकाबले में उतरेंगी।


