नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खिताब सफलतापूर्वक बचा लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ कप्तान रजत पाटीदार ने इतिहास रच दिया। वह आईपीएल इतिहास के तीसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने लगातार दो सीजन में अपनी टीम को चैंपियन बनाया है। इससे पहले यह उपलब्धि रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी हासिल कर चुके हैं। पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने पिछले सीजन भी खिताब अपने नाम किया था।
दर्दनाक हादसे ने छीनी थी 11 लोगों की जिंदगी
IPL 2025 में RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। हालांकि, तब RCB की जीत के जश्न के दौरान एक बड़े हादसे ने क्रिकेट जगत को तगड़ा झटका दिया था। RCB जब खिताब जीतकर लौटी, तो जश्न के दौरान बेंगलुरु में भगदड़ मचने से 11 फैंस की मौत हो गई। इस हादसे से RCB की टीम को भी गहरा धक्का लगा था। यही वजह है कि लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के बाद रजत पाटीदार ने पिछले साल भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस को याद करते हुए बड़ा बयान दिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने RCB का दूसरा IPL खिताब भगदड़ के पीड़ितों को समर्पित किया। RCB अपने पहले IPL खिताब का जश्न नहीं मना पाई थी, क्योंकि अगले ही दिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई एक दुखद भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिससे खुशी दुख और पीड़ा में बदल गई थी। पूरे IPL 2026 के दौरान, RCB ने पीड़ितों को सम्मान देने के लिए कई प्रयास किए।
ट्रॉफी जीतकर फैंस के नाम किया खिताब
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले से पहले आरसीबी की टीम ने पिछले साल हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। खिलाड़ियों ने मैदान पर एक मिनट का मौन रखा और काली पट्टी बांधकर मैच खेला। इतना ही नहीं, टीम ने जर्सी नंबर 11 पहनकर अभ्यास भी किया, ताकि उन 11 लोगों को सम्मान दिया जा सके जिन्होंने उस दुखद भगदड़ में अपनी जान गंवाई थी। फ्रेंचाइजी ने संवेदना व्यक्त करते हुए यह भी ऐलान किया कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पूरे सीजन के दौरान 11 सीटें खाली रखी जाएंगी। फाइनल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि यह ट्रॉफी उन परिवारों को समर्पित है जिन्होंने पिछले साल उस दर्दनाक घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया था।


