आरसीबी की जीत के बाद क्या बेंगलुरु में होगी विक्ट्री परेड? टीम ने दिया बड़ा संकेत

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस इस समय जश्न में डूबे हुए हैं। गुजरात टाइटंस को फाइनल में शानदार अंदाज में हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने वाली आरसीबी अब आईपीएल इतिहास के सबसे खास क्लब में शामिल हो गई है। हालांकि इस ऐतिहासिक सफलता के बावजूद बेंगलुरु की सड़कों पर भव्य विक्ट्री परेड निकलने की संभावना फिलहाल काफी कम मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात को हराने के साथ ही आरसीबी आईपीएल के 19 साल के इतिहास में लगातार दो खिताब जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बन गई। इससे पहले यह उपलब्धि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस हासिल कर चुकी हैं।

आरसीबी की चैंपियन टीम की परेड पर मंडराए सवाल

इतनी बड़ी उपलब्धि के बाद आमतौर पर टीमों के लिए शानदार रोड शो और विजय जुलूस आयोजित किए जाते हैं। हालांकि अहमदाबाद में खिताब जीतने के तुरंत बाद RCB द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान ने संकेत दिए हैं कि इस बार जश्न सीमित ही रह सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, RCB की टीम 1 जून को बेंगलुरु लौटने की भी योजना नहीं बना रही है और पूरा स्क्वाड फिलहाल अहमदाबाद में ही रहने वाला है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश जारी करते हुए समर्थकों से जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाने की अपील की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार RCB ने अपने बयान में कहा कि क्या शानदार रात रही। क्या अद्भुत एहसास है। RCB परिवार के हर सदस्य को बधाई। यह जीत आपकी है। जैसे-जैसे जश्न शुरू हो रहा है, आइए जिम्मेदारी के साथ इसका आनंद लें। जश्न मनाने का सबसे अच्छा तरीका अपने प्रियजनों के साथ इस पल को जीना है। इन यादों को दोबारा महसूस करें और अपने घर के आरामदायक माहौल में इस खास पल का आनंद उठाएं। फ्रेंचाइजी ने आगे कहा कि अगले साल स्टेडियम में फिर मुलाकात होगी, 12th मैन आर्मी। तब तक खुशियां बांटते रहिए और हमारा समर्थन करते रहिए।

क्या पुराने हादसे की वजह से बदली गई रणनीति?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी पिछले साल हुई दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए किसी बड़े सार्वजनिक आयोजन से दूरी बनाना चाहती है। इसी कारण टीम ने अपने फैंस से अपील की है कि वे घर पर रहकर सुरक्षित तरीके से जीत का जश्न मनाएं। वहीं फाइनल में हार के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी एक डरावनी स्थिति का सामना करना पड़ा। होटल लौटते समय टीम बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बस के अंदर धुआं भरने लगा। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने तुरंत सभी खिलाड़ियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ देर तक सभी लोग सड़क किनारे इंतजार करते रहे, जिसके बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित होटल पहुंचाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here