बाहर होने के बाद दमदार वापसी, खिलाड़ी ने इतिहास में दर्ज कराया नाम

0

नई दिल्ली : आरसीबी की टीम जिस आईपीएल ट्रॉफी के लिए पूरे 17 साल इंतजार करती रही, अब उसी खिताब को लगातार दो बार जीतकर उसने नया इतिहास रच दिया है। विराट कोहली लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे, जबकि बीच में फॉफ डुप्लेसी को भी कप्तानी सौंपी गई, लेकिन टीम का खिताबी सूखा खत्म नहीं हो पाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आखिरकार वह खिलाड़ी आरसीबी के लिए भाग्य बदलने वाला साबित हुआ, जिसे एक समय फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम से बाहर कर दिया था और रिटेन तक नहीं किया था। हम बात कर रहे हैं रजत पाटीदार की, जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाकर इतिहास रच दिया।

आईपीएल में 2021 से शुरू हुई रजत पाटीदार की कहानी

रजत पाटीदार का आईपीएल डेब्यू साल 2021 में हुआ था। तब आरसीबी ने उन्हें केवल 20 लाख रुपये में अपने पाले में किया था। उन्हें 4 ही मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने कुल 71 रन बनाए। शतक की बात तो दूर है वे अर्धशतक तक नहीं लगा पाए। इसके बाद साल 2022 का आईपीएल शुरू होने से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया यानी रिटेन नहीं किया। साल 2022 के आईपीएल का आगाज हुआ, इसी बीच रजत पाटीदार की टीम में वापसी होती है और वे रिप्लेसमेंट के तौर पर आते हैं। इस बार उन्होंने आठ मैच खेलकर 333 रन बना दिए। उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक आए।

एलएसजी के खिलाफ सेंचुरी जड़कर रजत ने लूटी महफिल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खास बात ये रही कि उन्होंने एलिमिनेटर में एलएसजी के खिलाफ शतक लगाया और अपनी टीम को आगे ले जाने में मदद की। हालांकि टीम खिताब नहीं जीत पाई। इसके बाद साल 2023 के आईपीएल में रजत पाटीदार खेलते, लेकिन चोटिल होने के कारण वे बाहर हो गए। साल 2024 में फिर से आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हुए नजर आए। इस साल उन्होंने 15 मैच खेलकर 395 रन बनाए। इसमें पांच अर्धशतक शामिल रहे। उन्हें साल भी 20 लाख रुपये ही दिए गए।

रजत पाटीदार पर जमकर मेहरबान हुई आरसीबी

साल 2025 में रजत पाटीदार के करियर में बड़ा बदलाव देखने को मिला। आरसीबी ने उन पर भरोसा जताते हुए 11 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्च कर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इतना ही नहीं, फ्रेंचाइजी ने सभी को चौंकाते हुए उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंप दी। उनकी आईपीएल सैलरी में अचानक करीब 54000 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा। रजत पाटीदार ने उस सीजन 15 मैचों में 312 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे। हालांकि बल्ले से उनका प्रदर्शन बहुत ज्यादा शानदार नहीं रहा, लेकिन कप्तान के तौर पर उन्होंने कमाल कर दिखाया। उनकी अगुवाई में आरसीबी पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी और टीम का 17 साल पुराना खिताबी इंतजार खत्म हो गया।

रजत पाटीदार ने बनाया खास रिकॉर्ड

इसके बाद आरसीबी ने रजत पाटीदार को उसी 11 करोड़ रुपये की रकम में रिटेन किया और उन्होंने एक बार फिर टीम का भरोसा सही साबित किया। इस सीजन रजत ने 15 मैचों में 501 रन बनाए और अपनी कप्तानी में लगातार दूसरी बार टीम को आईपीएल चैंपियन बना दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खास बात यह है कि आईपीएल इतिहास में अब तक केवल रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी ही ऐसे कप्तान थे, जिन्होंने अपनी टीम के साथ खिताब बचाने में सफलता हासिल की थी। अब इस खास सूची में रजत पाटीदार का नाम भी जुड़ गया है। इतना ही नहीं, रजत आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने शुरुआती दो सीजन में ही दो ट्रॉफियां जीत लीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here