नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के लेक टाउन इलाके में स्थापित अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी की 70 फीट ऊंची प्रतिमा को सोमवार को सुरक्षा कारणों से हटा दिया गया। हाल के दिनों में आए तेज तूफानों के बाद प्रतिमा के अस्थिर होने की शिकायतें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा को एक हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से सावधानीपूर्वक उसके चबूतरे से हटाकर ट्रक पर लाद दिया गया। इस प्रक्रिया के दौरान प्रतिमा को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्रतिमा को पीडब्ल्यूडी की निगरानी में रखा जाएगा। हालांकि इसे दोबारा कहां स्थापित किया जाएगा, इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
तूफान के दौरान अस्थिर हुई मेसी की मूर्ति
कुछ दिनों पहले स्थानीय लोगों ने लेक टाउन पुलिस स्टेशन को सूचना दी थी कि तेज हवाओं और तूफान के दौरान प्रतिमा हिल रही है। इसके बाद पुलिस और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण एजेंसी ने प्रतिमा के फाउंडेशन बोल्ट में तकनीकी खामी की जानकारी दी और चेतावनी दी कि संरचना खतरनाक स्थिति में है तथा इसके गिरने का खतरा बना हुआ है।
दिसंबर में हुआ था भव्य अनावरण समारोह
मेसी की इस विशाल प्रतिमा का अनावरण पिछले वर्ष दिसंबर में किया गया था। उस समय लियोनेल मेसी ने कोलकाता यात्रा के दौरान रिमोट कंट्रोल के माध्यम से इस प्रतिमा का उद्घाटन किया था।
प्रतिमा की नई जगह को लेकर अटकलें तेज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिमा को भविष्य में कोलकाता के रवींद्र सरोवर या इको पार्क में स्थापित किया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला राज्य सरकार द्वारा लिया जाएगा।
सुजीत बोस की पहल से तैयार हुआ था प्रोजेक्ट
इस परियोजना की शुरुआत पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री सुजीत बोस की पहल पर हुई थी। हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें नगर निकाय भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है।


