ओस्लो : नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में भाग ले रहे चारों भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और सभी को हार का सामना करना पड़ा। पिछले दौर में शानदार खेल दिखाने वाले विश्व चैंपियन डी गुकेश इस बार अपना विजय अभियान जारी नहीं रख सके। वहीं आर प्रज्ञानानंद, दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी को भी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन और विश्व नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने क्लासिकल मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ में मजबूती से वापसी की। उन्होंने अलीरेजा फिरोजा को हराया।
वेस्ली ने प्रज्ञानानंद को हराकर दर्ज की जीत
वेस्ली सो ने आर प्रज्ञानानंद को क्लासिकल गेम में हराकर तीन अंक हासिल किए और अपने कुल अंक 11.5 तक पहुंचाकर एकल बढ़त बना ली। इस हार के बाद प्रज्ञानानंद छह खिलाड़ियों की तालिका में छह अंकों के साथ सबसे नीचे खिसक गए। वहीं विन्सेंट कीमर ने डी गुकेश (6.5 अंक) की गलतियों का फायदा उठाते हुए अहम जीत दर्ज की और अपने अंक 8 तक पहुंचा दिए।
मैग्नस कार्लसन ने अलीरेजा फिरोजा को हराकर 7.5 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख (8.5 अंक) चीन की पांच बार की विश्व चैंपियन जू वेनजुन (8 अंक) से क्लासिकल बाजी हारकर दूसरे स्थान पर खिसक गईं। वहीं शीर्ष पर काबिज बिबिसारा असौबायेवा (9.5 अंक) ने आर्मागेडन टाई-ब्रेक में कोनेरू हम्पी (5.5 अंक) को हराया।


