भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के टेलीकास्ट को लेकर बड़ा समझौता

0

नई दिल्ली : भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए आखिरकार लंबे इंतजार का अंत हो गया। फीफा विश्व कप 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर चल रही अनिश्चितता अब खत्म हो गई है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने सोमवार को फीफा विश्व कप 2026 के प्रसारण अधिकार हासिल करने का ऐलान किया। यह टूर्नामेंट 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरू होने जा रहा है। कई महीनों से यह स्पष्ट नहीं था कि भारत में फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन का प्रसारण कौन करेगा। ऐसे में टूर्नामेंट शुरू होने से महज 10 दिन पहले हुए इस समझौते ने लाखों भारतीय फुटबॉल प्रेमियों को राहत दी है। जी ने बताया है कि वह 2026 फीफा विश्वकप के अलावा 2030 फीफा विश्वकप और 2027 महिला फीफा विश्वकप टूर्नामेंट का भी प्रसारण करेगा।

2034 तक फीफा इवेंट्स का प्रसारण करेगा जी

यह समझौता सिर्फ फीफा विश्व कप 2026 तक सीमित नहीं है। डील के तहत जी को 2034 तक फीफा के 38 अन्य आयोजनों के प्रसारण अधिकार भी मिले हैं। इसका मतलब है कि आने वाले आठ वर्षों तक भारतीय दर्शकों को फीफा के कई प्रमुख टूर्नामेंट देखने के लिए एक स्थायी मंच मिल जाएगा। इससे देश में फुटबॉल के प्रसार और लोकप्रियता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

चार नए स्पोर्ट्स चैनलों की बड़ी घोषणा

फुटबॉल और अन्य खेलों के प्रसारण को मजबूत करने के लिए जी एंटरटेनमेंट ने चार नए स्पोर्ट्स चैनलों की शुरुआत का भी एलान किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार  कंपनी ने बताया कि दर्शकों को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से यूनाइटेड8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइटेड8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइटेड8 स्पोर्ट्स 2, यूनाइटेड8 स्पोर्ट्स 2 एचडी लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी का मानना है कि फीफा टूर्नामेंटों के साथ यह नेटवर्क भारतीय खेल दर्शकों के लिए एक व्यापक मंच तैयार करेगा।

डील को लेकर महीनों तक चली बातचीत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , फीफा और संभावित प्रसारणकर्ताओं के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। भारत उन प्रमुख बाजारों में शामिल था जहां टूर्नामेंट शुरू होने के करीब आने तक प्रसारण साझेदार तय नहीं हो पाया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फीफा ने शुरुआती दौर में 2026 और 2030 विश्व कप के अधिकारों के लिए करीब 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर की मांग की थी। बाद में यह राशि घटाकर लगभग छह करोड़ डॉलर कर दी गई थी। बताया गया कि भारत की प्रमुख खेल प्रसारण कंपनी जियोस्टार ने करीब दो करोड़ डॉलर की बोली लगाई थी, जिसे फीफा ने स्वीकार नहीं किया। वहीं सोनी ने भी अधिकारों को लेकर चर्चा की, लेकिन अंततः बोली नहीं लगाई।

इतिहास में पहली बार 48 टीमों का वर्ल्ड कप

फीफा विश्व कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। यह पहली बार होगा जब टूर्नामेंट में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंगी। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह संस्करण विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा टूर्नामेंट माना जा रहा है। अधिक टीमें, अधिक मैच और नए प्रारूप के कारण दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है।

भारतीय दर्शकों के लिए खुशखबरी, नहीं होगी कोई निराशा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रसारण अधिकारों को लेकर लंबे समय से बनी अनिश्चितता के कारण भारतीय फुटबॉल प्रशंसक चिंतित थे कि कहीं उन्हें फीफा विश्व कप 2026 देखने में दिक्कत न हो, लेकिन इस समझौते ने सभी अटकलों को समाप्त कर दिया है। अब यह तय हो गया है कि भारत के दर्शक विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच का रोमांच लाइव देख पाएंगे। साथ ही आने वाले वर्षों में फीफा के अन्य प्रमुख टूर्नामेंट भी भारतीय स्क्रीन पर उपलब्ध रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here