आयरिश टीम ने किया बड़ा उलटफेर, T20I में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

0

नई दिल्ली : आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसका इंतजार उसे सालों से था। बारिश से प्रभावित रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम को 1 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज को मात दी है। इस शानदार जीत में सबसे बड़ा योगदान कप्तान ओर्ला प्रेंडरगास्ट का रहा, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। ट्राई सीरीज के इस अहम मुकाबले में मिली जीत ने आयरलैंड की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी मजबूत कर दिया है।

वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत, आयरलैंड ने बढ़ाया दबाव

पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत बहुत खराब रही। तेज गेंदबाज एवा कैनिंग ने पावरप्ले में ही दो विकेट झटककर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। 5 ओवर के भीतर ही टॉप आर्डर के बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब अनुभवी बल्लेबाज स्टेफनी टेलर चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गईं। 49 रन के भीतर टीम के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।

ऐसे मुश्किल समय में जैनिलेया ग्लासगो और शमीन कैम्पबेल ने महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने संयम के साथ रन बनाए और स्कोर को आगे बढ़ाया। हालांकि, डेथ ओवरों में ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने फिर से कहर बरपाया और दो अहम विकेट हासिल किए। निचले क्रम के बल्लेबाजों की बदौलत वेस्टइंडीज 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 141 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

कप्तान ने बल्ले और गेंद से मचाया धमाल

142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। शॉनीशा हेक्टर ने पारी की पहली चार गेंदों के भीतर ही दोनों ओपनरों को आउट कर दिया। इसके बाद कप्तान ओर्ला प्रेंडरगास्ट बल्लेबाजी के लिए उतरीं। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लगातार बाउंड्री लगाईं और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि, वेस्टइंडीज ने बीच में तेजी से तीन विकेट लेकर आयरलैंड को 65/5 पर संकट में डाल दिया, लेकिन प्रेंडरगास्ट ने हार नहीं मानी। उन्होंने अकेले दम पर रन बटोरते हुए मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया।

बारिश की वजह से आयरलैंड के पक्ष में गया मैच

आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम का स्कोर 14 ओवर के बाद 95/5 था, जिसमें अकेले कप्तान ओर्ला प्रेंडरगास्ट के 71 रन शामिल थे। उस समय DLS नियम के अनुसार आयरलैंड लक्ष्य से सिर्फ तीन रन पीछे था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। अंपायरों ने एक और गेंद फेंकने का फैसला किया और लुईस लिटिल ने उस गेंद को किनारे लगाकर चौके के लिए भेज दिया।

इसके तुरंत बाद बारिश तेज हो गई और खिलाड़ियों को मैदान छोड़ना पड़ा। मौसम में सुधार नहीं होने के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के तहत आयरलैंड को 1 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। कप्तान को उनकी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here