नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के तीन मेजबानों में से एक मैक्सिको भी है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला भी मैक्सिको में ही खेला जाएगा। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए कोच जेवियर अगुएरो ने मैक्सिको की टीम का ऐलान कर दिया है। 26 सदस्यीय टीम में 13 ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो चार साल पहले टीम का हिस्सा नहीं थे। इन सभी में सबसे खास नाम 17 साल के मिडफील्डर गिलबर्टो मोरा का है, जो वर्ल्ड कप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के मैक्सिकन खिलाड़ी बन सकते हैं।
मेक्सिको के सबसे कम उम्र के वर्ल्ड कप खिलाड़ी मैनुअल चाक्वेटस रोसास हैं, जिनकी उम्र 1930 के पहले वर्ल्ड कप में खेलने के समय 18 साल और 88 दिन थी। अभी तक सिर्फ 7 खिलाड़ियों ने 17 साल की उम्र में फीफा विश्व कप खेला है। इसमें ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले का नाम भी शामिल हैं। नॉर्थ आयरलैंड के नॉर्मन व्हाइटसाइड ने 17 साल और 40 दिन की उम्र में 1982 में विश्व कप खेला था। वह विश्व कप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।
सबसे कम उम्र में फीफा विश्व कप डेब्यू करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी | देश | उम्र | विश्व कप |
| नॉर्मन व्हाइटसाइड | उत्तरी आयरलैंड | 17 वर्ष 40 दिन | 1982 |
| सैमुअल इटो’ओ | कैमरून | 17 वर्ष 98 दिन | 1998 |
| फेमी ओपाबुनमी | नाइजीरिया | 17 वर्ष 100 दिन | 2002 |
| सॉलोमन ओलेम्बे | कैमरून | 17 वर्ष 184 दिन | 1998 |
| पेले | ब्राजील | 17 वर्ष 234 दिन | 1958 |
| बार्थोलोम्यू ओग्बेचे | नाइजीरिया | 17 वर्ष 244 दिन | 2002 |
| रिगोबर्ट गीत | कैमरून | 17 वर्ष 353 दिन | 1994 |
गिलबर्टो मोरा: युवा स्टार का उभरता हुआ करियर
गिलबर्टो मोरा का जन्म 14 अक्टूबर 2008 को हुआ था। उन्होंने 2025 में मैक्सिको के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अभी तक वह 7 मैच खेल चुके हैं। इसमें उनके नाम कोई गोल नहीं है। वह मैक्सिको के ही क्लब तिजुआना के लिए खेलते हैं। क्लब के लिए 53 मैचों में उनके नाम 10 गोल हैं। स्पेन के दिग्गज क्लब बार्सिलोना की मोरा पर नजरें हैं। रियल मैड्रिड भी उन्हें मोनिटर कर रही है।
मैक्सिको की टीम पहले मुकाबले में मैदान पर उतरेगी
मैक्सिको राष्ट्रीय फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप ए में शामिल है। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में उसका सामना दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय फुटबॉल टीम से होगा। इसी ग्रुप में दक्षिण कोरिया राष्ट्रीय फुटबॉल टीम और चेक गणराज्य राष्ट्रीय फुटबॉल टीम भी मौजूद हैं। मैक्सिको की टीम अपने सभी ग्रुप स्टेज मुकाबले अपने ही देश में खेलने उतरेगी, जिससे उसे घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिलने की उम्मीद रहेगी।
फीफा विश्व कप 2026 के लिए मैक्सिको का स्क्वाड
गोलकीपर: राउल रंगेल, गुइलेर्मो ओचोआ, कार्लोस एसेवेडो।
डिफेंडर: जॉर्ज सांचेज, इजराइल रेयेस, सीजर मोंटेस, जोहान वास्केज, जीसस गैलार्डो, माटेओ चावेज।
मिडफील्डर: एरिक लीरा, ऑर्बेलिन पिनेडा, अल्वारो फिडाल्गो, ब्रायन गुटिरेज, लुइस रोमो, एडसन अल्वारेज, ओबेद वर्गास, गिल्बर्टो मोरा, लुइस चावेज।
फॉरवर्ड: रॉबर्टो अल्वाराडो, सीजर ह्यूर्टा, एलेक्सिस वेगा, जूलियन क्विनोन्स, गुइलेर्मो मार्टिनेज, अरमांडो गोंजालेज, सैंटियागो जिमेनेज, राउल जिमेनेज।


