पांचवें सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने जीता उद्घाटन मुकाबला

0

NST NEWS, भोपाल।  आगा क्लब बास्केटबॉल कोर्ट, पिपलानी में आयोजित पांचवें सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने आगा क्लब ए को 72-52 अंकों से पराजित कर विजयी शुरुआत की। वहीं बालिका वर्ग में सेंट थॉमस, आरसीसी और हाई फ्लायर ने अपने-अपने पहले मुकाबले जीतकर शानदार आगाज किया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन भेल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह ने विश्वामित्र अवार्डी बास्केटबॉल कोच मुख्तयार सिंह, शमेन्द्र वर्मा वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष वीना वर्मा तथा अन्य अतिथियों की उपस्थिति में किया। प्रतियोगिता का आयोजन आगा क्लब के 1996 बैच के हीरोज द्वारा किया जा रहा है।  बालक वर्ग में खेले गए उद्घाटन मैच में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने आगा क्लब ए को 72-52 अंकों से हराया। गत विजेता विदिशा ए ने आगा क्लब बी को एकतरफा मुकाबले में 41-12 से शिकस्त दी। वहीं कार्मल रतनपुर ने विदिशा बी को 50-20 अंकों से पराजित कर अपने अभियान की सफल शुरुआत की।

बालिका वर्ग में सेंट थॉमस ने सेंट थेरेसा को 34-8 अंकों से हराया। आरसीसी ने आगा क्लब ए को 48-18 से पराजित किया, जबकि हाई फ्लायर ने आगा क्लब ए को 16-2 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।  टूर्नामेंट के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here