भोपाल में पहली बार होगा ‘वेलोसिटी नाइट रन 2026’, टीटी नगर स्टेडियम में दौड़ेगी फिटनेस की नई रफ्तार

0

NST NEWS, भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी द्वारा भोपाल में पहली बार “वेलोसिटी नाइट रन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष नाइट रन 6 जून 2026 को टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें भोपाल सहित प्रदेशभर के रनर्स, फिटनेस प्रेमी, खिलाड़ी और युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना है।

रात्रिकालीन वातावरण में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को स्टेडियम की आकर्षक रोशनी के बीच दौड़ने का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक रनिंग इवेंट नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने का अभियान है।  प्रतियोगिता में 1 घंटे, 2 घंटे और 3 घंटे की विभिन्न श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि प्रतिभागी अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार इसमें भाग ले सकें। सभी प्रतिभागियों को निर्धारित समय से 30 मिनट पहले रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि लेट एंट्री स्वीकार नहीं की जाएगी।

रन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए स्टेडियम में विभिन्न रंगों की ट्रैक लेन निर्धारित की जाएंगी। साथ ही प्रतिभागियों के लिए विशेष फिटनेस एवं रनिंग जोन भी विकसित किए जाएंगे, जिससे उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके।  रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि वेलोसिटी नाइट रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में फिटनेस, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों और युवाओं के समग्र विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों को लगातार प्रोत्साहित करता रहा है। वेलोसिटी नाइट रन 2026 प्रतिभागियों को फिटनेस के साथ-साथ टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here