नई दिल्ली : भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट सीरीज का एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस मैदान पर पहली बार किसी टेस्ट मैच का आयोजन होने जा रहा है, इसलिए क्रिकेट फैंस की नजरें भी इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी। यह टेस्ट कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि टीम इंडिया के अधिकांश खिलाड़ी हाल ही में करीब दो महीने तक आईपीएल खेलकर आए हैं। ऐसे में लगातार टी20 क्रिकेट खेलने के बाद खिलाड़ी खुद को टेस्ट फॉर्मेट में किस तरह ढालते हैं, यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा।
मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी
इस टेस्ट के लिए दोनों टीमें न्यू चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं और अभ्यास भी शुरु कर दिया है। हालांकि इस मैच में जीत के लिए फेवरेट भारत को माना जा रहा है, लेकिन अफगानिस्तान में भी कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो टीम इंडिया को परेशान कर सकते हैं। इस टेस्ट के लिए भारतीय टीम में शामिल ज्यादातर खिलाड़ी आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके आ रहे हैं और ऐसी उम्मीद है कि वो यहां भी अच्छा खेल दिखाएंगे।
यशस्वी और राहुल संभालेंगे ओपनिंग की जिम्मेदारी
अफगानिस्तान को हराने के लिए इस टेस्ट मैच में भारत की सबसे बेहतरीन प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है इसका चयन एआई (गूगल जेमिनी) ने किया। एआई ने इस टेस्ट के लिए ओपनर के रूप में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल का चयन किया। राहुल इस सीरीज के लिए टीम के उप-कप्तान भी हैं। वहीं तीसरे नंबर पर बैटिंग क्रम में साई सुदर्शन को रखा गया जबकि चौथे नंबर पर कप्तान शुभमन गिल हैं। ये सभी बैटर इस वक्त रन बनाकर आ रहे हैं और सबका बल्ला चल रहा है।
एआई ने अपनी प्लेइंग इलेवन में पांचवें स्थान पर ऋषभ पंत को रखा। हालांकि पंत के लिए आईपीएल 2026 अच्छा नहीं बीता है, लेकिन वो टेस्ट में अच्छा करते रहे हैं।वहीं बैटिंग क्रम में छठे नंबर पर ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडीक्कल में से किसी एक को मौका मिल सकता है। टीम में नितिश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर के रूप में दो ऑलराउंडर को शामिल किया गया है जबकि कुलदीप यादव बतौर स्पिनर टीम में मौजूद हैं। सिराज टीम के मुख्य तेज गेंदबाज होंगे जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के लिए एआई ने चुनी भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल/देवदत्त पडीक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बराबर
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश रेड्डी, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार।


