नई दिल्ली : पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। तीन मैचों की इस सीरीज के पहले मुकाबले में कंगारू टीम को शिकस्त मिली थी, लेकिन दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की जीत में नाथन एलिस की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ग्रीन और जोश ने संभाली ऑस्ट्रेलिया की पारी
इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीता था और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 231 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए जोश इंग्लिश ने 51 रन की जोरदार पारी खेली जबकि कैमरन ग्रीन ने भी टीम के लिए 53 रन का अहम योगदान दिया। इसके अलावा मैट रेनशॉ ने 43 रन की पारी खेली जबकि ओलिवर पीक के बल्ले से 31 रन निकले। पाकिस्तान के लिए कप्तान शाहीन अफरीदी ने 3 जबकि हारिस रऊफ, अराफात मिन्हास और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट लिए।
नाथन एलिस ने 4 विकेट लेकर मचाई सनसनी
पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को जीत के लिए 232 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 44 ओवर में 190 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान की ओर से शादाब खान ने सबसे ज्यादा 71 रन बनाए। वहीं गाजी गोरी ने 37 रन और अराफान मिन्हास ने 33 रन की उपयोगी पारी खेली। दूसरे वनडे में बाबर आजम का बल्ला शांत रहा और वह 16 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, जबकि मैथ्यू शॉर्ट को 3 सफलताएं मिलीं। शानदार गेंदबाजी के लिए एलिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


