नई दिल्ली : विराट कोहली भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ा झटका लेकर आए हैं, क्योंकि हैमस्ट्रिंग चोट के चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब स्टार बल्लेबाज इस तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले 6 जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित होगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून, दूसरा 17 जून और तीसरा व अंतिम मैच 20 जून को खेला जाएगा। चोट के कारण कोहली को कम से कम दो सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है, जिसके चलते चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को वनडे सीरीज के लिए वैकल्पिक संयोजन पर विचार करना पड़ सकता है।
विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उतरेगी टीम इंडिया
विराट कोहली के वनडे टीम से बाहर होने के बाद उनके स्थान पर किस खिलाड़ी को मौका मिलेगा, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि वह हाल के समय में शानदार लय में नजर आ रहे थे। विराट ने आईपीएल 2026 में अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 16 मैचों में 675 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने फाइनल में नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। कोहली की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने अपना खिताब बरकरार रखा और लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। ऐसे में उनकी चोट और वनडे सीरीज से बाहर होना टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
विराट कोहली के अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसी स्थिति में नंबर-3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ईशान किशन को सौंपी जा सकती है। टीम इंडिया के पास पहले से ही रोहित शर्मा और शुभमन गिल के रूप में मजबूत ओपनिंग जोड़ी मौजूद है। ऐसे में यदि कोहली टीम का हिस्सा होते तो ईशान किशन के लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना काफी मुश्किल हो सकता था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि अब कोहली की गैरमौजूदगी ने ईशान के लिए अवसर के नए दरवाजे खोल दिए हैं। लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा और उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह लगभग तय मानी जा रही है।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।


