पंडोरिया हाउस ने जीती स्व. ज्ञान प्रकाश भटनागर हॉकी प्रतियोगिता, रोमांचक फाइनल में अंकित पाल हाउस को 3-2 से हराया

0

NST NEWS, gwalior. दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय ज्ञान प्रकाश भटनागर हॉकी प्रतियोगिता का खिताब पंडोरिया हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पंडोरिया हाउस ने अंकित पाल हाउस को 3-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पंडोरिया हाउस के कृष्ण मिलन ने शानदार मैदानी गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद अंकित पाल हाउस ने जवाबी हमला करते हुए नंदिता शर्मा, सिद्धार्थ राठौर और माणिक बर्मन के बेहतरीन संयोजन से गोल किया, जिसे माणिक बर्मन ने अंजाम देते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। डोरिया हाउस ने दबाव बनाए रखा और टीम की कप्तान अनन्या तोमर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। मैच के उत्तरार्ध में अंकित पाल हाउस को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे प्रशांत गोयल ने सफलतापूर्वक गोल में तब्दील कर स्कोर 2-2 कर दिया।

जब मुकाबला बराबरी पर समाप्त होता दिखाई दे रहा था, तभी अंतिम मिनटों में कृष्ण मिलन ने शानदार मैदानी गोल कर पंडोरिया हाउस को 3-2 की यादगार जीत दिला दी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें फाइनल मुकाबले का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार भी प्रदान किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री लोकेंद्र पाराशर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि शिवांगी जी ने खिलाड़ियों के खेल की सराहना करते हुए कहा कि दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम के खिलाड़ी प्रतिभाशाली हैं और भविष्य में भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में एसआईसीएस संस्थान की ओर से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को टी-शर्ट वितरित की गई। समारोह की अध्यक्षता अर्पण राउत ने की। इस अवसर पर बीके सूद, कमलकिशोर, मनोज परिहार और अर्जुन शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here