NST NEWS, भोपाल। आगा क्लब बास्केटबॉल कोर्ट, पिपलानी ए-सेक्टर में आयोजित पांचवें सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट के बालक वर्ग का खिताब भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने सेज यूनिवर्सिटी को 70-53 अंकों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सेज यूनिवर्सिटी उपविजेता रही, जबकि भोपाल कारपोरेशन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। शानदार प्रदर्शन के लिए जूनियर इंटरनेशनल खिलाड़ी रोहन सेजवाल को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
खिताबी मुकाबले में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। हाफ टाइम तक टीम 32-28 अंकों की बढ़त पर थी। तीसरे क्वार्टर में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने 24 अंक जुटाकर मुकाबले पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। टीम की ओर से रोहन सेजवाल ने शानदार खेल दिखाते हुए सर्वाधिक 33 अंक बनाए, जबकि लोमेश ने 9 अंकों का योगदान दिया। सेज यूनिवर्सिटी की ओर से अनिमेष ने पांच थ्री-पॉइंटर की मदद से 17 अंक और प्रकाश ने 13 अंक अर्जित किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अस्मिता वेलफेयर फाउंडेशन के डायरेक्टर निर्मल बोवाड़े रहे। इस अवसर पर विश्वामित्र अवॉर्डी कोच मुख्तयार सिंह, नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रमोद अवस्थी, कुमेल अब्बास, सुनीता नौटियाल, यशवंत कुशवाहा, कैलाश कटरवारा और एम.डी. गोडबोले विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत आगा क्लब के महासचिव वेद प्रकाश शर्मा और योगेश सराठे ने किया।


