U-18 एशिया कप में भारत बना चैंपियन, एमपी हॉकी अकादमी के छह खिलाड़ियों ने दिलाया स्वर्ण

0

NST NEWS, भोपाल। जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल में जीत दर्ज कर भारत ने एशिया का खिताब हासिल किया और एक बार फिर महाद्वीपीय हॉकी में अपना दबदबा साबित किया। इस ऐतिहासिक सफलता में मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी अकादमी के छह खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय टीम में शामिल गोलकीपर आयुष रजक, अंश बहुत्रा, करण गौतम, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन और गाजी खान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया।

भारतीय टीम ने खिताब की राह में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास और मजबूत हुआ तथा खिलाड़ियों ने फाइनल में भी उसी लय को बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 29 मई से 6 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष अंडर-18 टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित, तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखी।

मध्यप्रदेश के छह खिलाड़ियों का स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय टीम और सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here