नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में दूसरे दिन मेजबान टीम ने पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। पहले भारतीय बल्लेबाजों ने विशाल स्कोर खड़ा किया, फिर गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोरते हुए मैच पर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने 39.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। मेहमान टीम अभी भी भारत के स्कोर से 451 रन पीछे है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाल लिया। सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। वहीं राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक रहा।
राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले राहुल के साथ 67 रन और फिर ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 169 रन की बड़ी साझेदारी की। गिल ने 177 गेंदों पर 126 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। ऋषभ पंत ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। अंत में वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि कुलदीप यादव 9 रन पर नाबाद रहे।
भारत ने 2023 के बाद पहली बार घरेलू टेस्ट मैच में 550 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले टीम ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 571 रन बनाए थे। इसके अलावा 564 रन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस सूची में शीर्ष पर जिम्बाब्वे है, जिसने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ 586 रन बनाए थे। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 169 रन की साझेदारी भी भारत की ओर से अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।
अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सैफी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 27 ओवर में 140 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के तीसरे गेंदबाज बन गए।सैफी अब टेस्ट की एक पारी में अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन गए हैं। उनसे आगे जियाउर रहमान हैं, जिन्होंने 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 97 रन देकर सात विकेट लिए थे।
विशाल लक्ष्य के जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 28 रन के स्कोर पर अब्दुल मलिक (16) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज भी 12 रन बनाकर चलते बने। सेदिकुल्लाह अटल ने 17 रन का योगदान दिया, जबकि अफसर जजई सिर्फ तीन रन ही बना सके। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। हालांकि, रहमत शाह ने एक छक्के और छह चौकों की मदद से 43 रन की नाबाद पारी खेलकर संघर्ष जारी रखा। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वह क्रीज पर डटे हुए थे। भारत की ओर से पदार्पण कर रहे स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15.5 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट हासिल किए। भारतीय टीम फिलहाल मैच पर पूरी तरह हावी नजर आ रही है। तीसरे दिन शुरुआती सत्र में अफगानिस्तान को जल्द समेटकर भारत बड़ी बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा, जबकि मेहमान टीम की उम्मीदें रहमत शाह और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर डटी हुई हैं।


