एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में वर्ष 2026 की प्रथम भोपाल जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा का आयोजन 13 जून से टीटी नगर स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ सीनियर पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव एस. साबिर अली ने बताया कि जिला रैंकिंग प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न आयु वर्गों में भोपाल जिले की टीमों का चयन किया जाएगा। इस कारण प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 11 जून को शाम 5 बजे तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी। एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों से समय रहते अपना पंजीयन पूर्ण करने की अपील की है। यह प्रतियोगिता जिले के उभरते टेबल टेनिस खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और जिला टीम में स्थान बनाने का अवसर प्रदान करेगी।


