शार्दुल ठाकुर की ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने सूर्यकुमार यादव की ट्रायम्फ नाइट्स को 24 रन से हराया

0

मुंबई.  टी20 मुंबई 2026 में मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शार्दुल ठाकुर की कप्तानी वाली ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सूर्यकुमार यादव की ट्रायम्फ नाइट्स एमएनई को 24 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 172/8 का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया, जबकि जवाब में ट्रायम्फ नाइट्स की पूरी टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।

ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की ओर से साईराज पाटिल ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 46 गेंदों पर 69 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे। सिद्धांत सिंह ने 28 रन का योगदान दिया, जबकि शाश्वत जगताप ने अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि कप्तान शार्दुल ठाकुर बल्ले से सिर्फ एक रन ही बना सके।

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रायम्फ नाइट्स एमएनई को अखिल हरवाडकर और परीक्षित वलसांगकर ने अच्छी शुरुआत दिलाई। हरवाडकर ने 24 गेंदों पर 33 रन बनाए, जबकि वलसांगकर ने 20 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 20 रन और नूतन कुमार गोयल ने 19 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई।

ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। अनुज गिरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और ट्रायम्फ नाइट्स के मध्यक्रम को झकझोर दिया। अथर्व अंकोलेकर और अमर्त्य राजे ने भी दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने मुकाबला 24 रन से अपने नाम कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here