NST NEWS, भोपाल. मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित इंटर हाउस अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें रोहित शर्मा हाउस ने विराट कोहली हाउस को 3 रन से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और मैच का फैसला अंतिम क्षणों में जाकर हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा हाउस ने निर्धारित ओवरों में 108 रन बनाए। टीम की ओर से उत्कर्ष ने सर्वाधिक 34 रन की पारी खेली, जबकि अथर्व ने 21 और ध्रुव ने 14 रन का योगदान दिया। विराट कोहली हाउस की ओर से यश ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा आदित्य और आरव ने भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विराट कोहली हाउस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हालांकि कार्तिक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। विराट ने 15 रन तथा गौरव ने 9 रन का योगदान दिया, लेकिन पूरी टीम 105 रन पर सिमट गई और रोहित शर्मा हाउस ने 3 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रोहित शर्मा हाउस की जीत में रिदम महाराज की गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई। उन्होंने 4 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया और उन्हें उनकी घातक गेंदबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द फाइनल’ चुना गया। प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में क्रिकेट कोच के.डी. गुप्ता, सुरेश खड़से और अब्दुल जमील खान ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में अंशुमन मुखिया को श्रेष्ठ बल्लेबाज, रियांश परिहार को श्रेष्ठ गेंदबाज, रिदम महाराज को फाइनल का मैन ऑफ द मैच तथा काव्यांश यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।


