NST NEWS, जबलपुर। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अंडर-13 चयन ट्रायल को लेकर जबलपुर डिवीजन के युवा क्रिकेटरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ट्रायल में पंजीकृत और अपंजीकृत खिलाड़ियों सहित करीब 450 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के पहले चरण में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद 450 में से 140 खिलाड़ियों का चयन अगले दौर के लिए किया गया। इसके बाद हुए परीक्षणों में 48 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम सूची में अपनी जगह बनाई। ट्रायल के दौरान युवा खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी क्षमता का परिचय दिया। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि जबलपुर संभाग में क्रिकेट के प्रति बच्चों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

एमपीसीए के चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में भी काफी उत्साह देखा गया। चयनित खिलाड़ियों को आगे बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। अंडर-13 वर्ग की चयन प्रक्रिया गुरुवार को अंतिम रूप से पूरी की जाएगी। इसके बाद अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल शुरू होंगे। आयोजकों के अनुसार आगामी ट्रायल में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। चयन ट्रायल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के लिए तैयार करना है।
इधर, एमपीसीए चयन ट्रायल में उज्जैन डिवीज़न में अंडर 13 में करीब रजिस्टर्ड और अनरजिस्टर्ड मिलाकर 335 बच्चों ने भाग लिया जिसमें से 52 बच्चे फ़ाइनल किए। कल अंडर-13 फ़ाइनल करके अंडर-15 के ट्रायल शुरू होंगे। एमपीसीए चयन ट्रायल में ग्वालियर डिवीज़न में अंडर 13 में करीब रजिस्टर्ड और अनरजिस्टर्ड दोनों मिलाकर 370 बच्चों ने भाग लिया। बारिश आने के कारण ट्रायल पुरे नहीं हो पाए। कल अंडर-13 फ़ाइनल करके अंडर-15 के ट्रायल शुरू होंगे।


