एशियन कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में NCOE भोपाल के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, भारत के लिए जीते चार कांस्य पदक

0

NST NEWS, BHOPAL. नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) भोपाल के खिलाड़ियों ने कज़ाकिस्तान के तुर्किस्तान में 4 से 7 जून 2026 तक आयोजित एशियन कैनो स्प्रिंट जूनियर एवं अंडर-23 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया। भारतीय दल के सदस्य रहे भोपाल के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में चार कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में भारत के 25 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया, जिसमें छह खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के NCOE भोपाल से शामिल थे। इन खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के पदक अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जूनियर पुरुष C2 500 मीटर स्पर्धा में तरुण डेडहा ने कांस्य पदक जीतकर भारत को सफलता दिलाई। वहीं अंडर-23 पुरुष C2 500 मीटर वर्ग में अरविंद कुमार वर्मा ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया। अंडर-23 महिला मिक्स्ड C2 500 मीटर स्पर्धा में एल. नेहा देवी और अरविंद वर्मा की जोड़ी ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा अंडर-23 पुरुष C4 500 मीटर स्पर्धा में अरविंद कुमार, तरुण डेडहा और विशाल ढाका की टीम ने भी कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला।

SAI क्षेत्रीय केंद्र (CRC) भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि महाद्वीपीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। ऐसे प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैनो स्प्रिंट में भारत की बढ़ती ताकत और संभावनाओं को मजबूत करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here