नई दिल्ली : महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का धमाकेदार आगाज हो चुका है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 12 जून को मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच बर्मिंघम में खेला गया, जिसमें कुल 351 रन बने। यह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच स्कोर रहा। हालांकि, भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2018 में बने 354 रनों के रिकॉर्ड को यह मुकाबला सिर्फ 3 रन से नहीं तोड़ सका। इस हाई-स्कोरिंग मैच में इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज डैनियल वायट-हॉज ने शानदार शतक जड़कर जीत में अहम भूमिका निभाई।
इंग्लैंड की महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 का शानदार आगाज करते हुए पहले ही मुकाबले में श्रीलंका को 87 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 20 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की स्टार ओपनर डैनियल वायट-हॉज ने 62 गेंदों में नाबाद 105 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके इस शानदार शतक के साथ वह महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाली सातवीं बल्लेबाज बन गईं।
वायट के अलावा दूसरी ओपनर एमी जोन्स ने 38 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान नेट साइवर ब्रंट 22 गेंद पर 46 रन बनाकर नाबाद रहीं। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 132 रन बनाकर सिमट गई। फ्रेया कैम्प ने बेहतरीन विश्व कप डेब्यू किया और 22 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा शार्लेट डीन और सोफी एक्लेस्टोन को 2-2 विकेट मिले। जबकि लॉरेन बेल और लिंसी स्मिथ ने 1-1 विकेट झटका। इस मैच में कुल 351 रन बने।
महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में कुल सबसे ज्यादा रन
354 रन: IND-W बनाम NZ-W, प्रोविडेंस, 2018
351 रन: ENG-W बनाम SL-W, एजबेस्टन, 2026*
339 रन: AUS-W बनाम IND-W, केपटाउन, 2023 (सेमीफाइनल)
333 रन: WI-W बनाम SA-W, बैसेटेरे, 2010
328 रन: ENG-W बनाम AUS-W, द ओवल, 2009 (सेमीफाइनल)
दूसरे दिन खेले जाने वाले मैच
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन 13 जून को कुल तीन मैच खेले जाएंगे। दो मुकाबले ग्रुप बी के होंगे और एक मैच ग्रुप ए का खेला जाएगा। आज होने वाले मैच इस प्रकार हैं:-
दूसरा मैच: स्कॉटलैंड बनाम आयरलैंड, मैनचेस्टर (ग्रुप बी), दोपहर 3 बजे (IST)
तीसरा मैच: ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका, मैनचेस्टर (ग्रुप ए), शाम 7 बजे (IST)
चौथा मैच: वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड, साउथैम्पटन (ग्रुप बी), रात 11 बजे (IST)


