NST NEWS भोपाल। टी.टी. नगर स्टेडियम भोपाल में पिछले दो माह से संचालित समर कैंप के खिलाड़ियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय खेलो भोपाल बेबी लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक बालू सिंह यादव, सहायक संचालक वाणी साहू, जिला खेल अधिकारी रविंद्र साहू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के न्यायाधीश सुनील अग्रवाल तथा मुख्य फुटबॉल प्रशिक्षक जेपी सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंडर-8 वर्ग में अर्जेंटीना फुटबॉल क्लब विजेता, रोनाल्डो फुटबॉल क्लब उपविजेता तथा वर्ल्ड किंग्स टीम तृतीय स्थान पर रही। अंडर-12 ए वर्ग में मून यू ने खिताब जीता, जबकि नाइट फुटबॉल क्लब उपविजेता और सायन गॉड टीम तीसरे स्थान पर रही। अंडर-15 वर्ग में ब्लूज यूनाइटेड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंस्टिट्यूट फुटबॉल क्लब उपविजेता तथा व्हाइट फुटबॉल क्लब तृतीय स्थान पर रहा। गर्ल्स ओपन कैटेगरी में टीटीएनएस विजेता, रॉयल फुटबॉल क्लब उपविजेता और ब्लू डेविल्स टीम तृतीय स्थान पर रही।
अंडर-20 वर्ग में शैडो फुटबॉल क्लब विजेता, अपेक्स फुटबॉल क्लब उपविजेता तथा टाइटन फुटबॉल क्लब तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता समर कैंप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के बीच आयोजित की गई थी, जिसका अब सफलतापूर्वक समापन हो गया है। हालांकि टी.टी. नगर स्टेडियम में संचालित समर कैंप विभागीय निर्देशों तक नियमित रूप से जारी रहेगा।


