नागपुर। विदर्भ महिला प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में नेको मास्टर ब्लास्टर महिला टीम ने रोमांचक मुकाबले में ऑरेंज टाइग्रेसेस को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला नागपुर के वीसीए सिविल लाइंस मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज टाइग्रेसेस ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 144 रन बनाए। कप्तान दिशा कासट ने शानदार 69 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमा मारडवार ने 48 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। हालांकि नेको के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेको मास्टर ब्लास्टर ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 147 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शिवानी धारणे ने 52 और अश्विनी देशमुख ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। मुकाबले का सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब दोनों सेट बल्लेबाज आउट हो गईं। ऐसे में आर्या गोहाने ने मात्र 10 गेंदों पर नाबाद 24 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। ऑरेंज टाइग्रेसेस की ओर से जान्हवी रंगनाथन ने 2 विकेट लिए, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी। इस जीत के साथ नेको मास्टर ब्लास्टर महिला टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उसका सामना इंडिया वॉरियर्स से होगा।


