नवा रायपुर,(एनएसटी न्यूज़)। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण का फाइनल मुकाबला 14 जून रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेला गया। खिताबी मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर सीसीपीएल सीजन-3 का खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर बिलासपुर बुल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन चौहान ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। उनके अलावा संगीत सोनी ने 32 रन, आलोक साहू ने 25 रन तथा दीपक यादव ने 22 रनों का योगदान दिया।
बिलासपुर बुल्स की ओर से गेंदबाजी में भरत गोंडवानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किए। वहीं वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने भी महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित कीं।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.3 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर 164 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में पवन परनाते और विकल्प तिवारी ने 39-39 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। विकल्प तिवारी अंत तक नाबाद रहे। वहीं आयुष पांडे ने 33 रन बनाकर जीत की नींव मजबूत की। रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे बिलासपुर के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके।
फाइनल मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भरत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीसीपीएल-3 के पूरे टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, वहीं फाइनल में बिलासपुर बुल्स ने दबदबा बनाते हुए खिताब पर कब्जा जमाकर अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया।


