आईसीसी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की शानदार बढ़त, साउथ अफ्रीका को नुकसान

0

नई दिल्ली: आईसीसी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने एक बार फिर शानदार बढ़त हासिल की है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन जीत दर्ज की। हालांकि शुरुआती दो मुकाबलों में मिली हार के कारण श्रृंखला 2-1 से बांग्लादेश के नाम रही, लेकिन अंतिम मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पूरी तरह हार से बचाव कर लिया। इस जीत का असर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी देखने को मिला, जहां कंगारू टीम ने एक स्थान ऊपर चढ़कर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इस वक्त बांग्लादेश के दौरे पर है। सीरीज के पहले दोनों मैच में बांग्लादेश ने शानदार खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को पीट दिया। इसके बाद तीसरे मैच में उसका सूपड़ा साफ होने का डर था। इसमें बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 274 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तीन गेंद शेष रहते 9 विकेट पर 277 रन बनाकर मैच जीत लिया। इससे उसका सूपड़ा साफ होने से बच गया। इस बीच टीम को आईसीसी रैंकिंग में भी एक स्थान का फायदा हुआ है।

इस आखिरी वनडे से पहले तक ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 101 की थी और टीम चौथे नंबर पर संघर्ष कर रही थी। लेकिन इस मैच में मिली जीत से उसकी रेटिंग बढ़कर 102 की हो गई है। टीम फिर तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। साउथ अफ्रीका की रेटिंग भी 102 की है, लेकिन टीम को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे चौथे नंबर पर चली गई है। दोनों टीमों की रेटिंग बराबर है, लेकिन अगर अंकों को दशमलब तक देखा जाए तो वहां ऑस्ट्रेलिया की टीम बाजी मार ले जा रही है।

अगर बांग्लादेश की बात करें तो आखिरी मुकाबले से पहले टीम की रेटिंग 88 थी, जो इस मैच के बाद घटकर 87 हो गई है। हालांकि इसके बावजूद बांग्लादेशी टीम अपनी स्थिति बचाए रखने में सफल रही है और फिलहाल नौवें स्थान पर बनी हुई है। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम की स्थिति इस समय ज्यादा मजबूत नजर नहीं आ रही। टीम की रेटिंग 100 है और वह फिलहाल पांचवें स्थान पर काबिज है। खास बात यह है कि निकट भविष्य में पाकिस्तान की कोई एकदिवसीय श्रृंखला तय नहीं है, ऐसे में उसकी रेटिंग में फिलहाल बढ़ोतरी की संभावना कम है। हालांकि दूसरी टीमों के प्रदर्शन के आधार पर उसकी रैंकिंग में बदलाव जरूर देखने को मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here