नई दिल्ली: Tilak Varma की कप्तानी में इंडिया ए टीम इस समय Sri Lanka दौरे पर ट्राई सीरीज खेल रही है, जहां उसका सामना अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए से हो रहा है। इस श्रृंखला में तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अब तक उन्हें तीन मुकाबलों में बल्लेबाजी का मौका मिला, लेकिन वह अपनी सामान्य आक्रामक शैली में नजर नहीं आए। खासकर पहले और तीसरे मैच में उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार काफी धीमी रही, जिसने उनके प्रदर्शन को लेकर चर्चा तेज कर दी है। कप्तानी की जिम्मेदारी के बीच उनके खेल में यह बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।
ट्राई सीरीज में टीम इंडिया का पहला मैच श्रीलंका ए की टीम से हुआ था। इस मैच में कप्तान तिलक ने 97 बॉल पर 60 रन की धीमी पारी खेली थी। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 61.86 का रहा था, वो इस पारी में सिर्फ दो चौका और एक छक्का लगा पाए थे। दूसरा मैच इंडिया ए का अफगानिस्तान की टीम से हुआ था और यहां भी तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाया लेकिन उनका स्ट्राइक रेट लगभग 90 का रहा, इस मैच में उन्होंने 73 बॉल पर 5 चौके की मदद से 66 रन बनाए थे। वहीं तीसरे मुकाबले में उन्होंने 32 बॉल पर 23 रन बनाए, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 71.88 का रहा था। अब आखिरी लीग मैच में तिलक के स्ट्राइक रेट में सुधार होता है या नहीं ये देखने वाली बात होगी।
तिलक वर्मा इस ट्राई सीरीज के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज में खेलते हुए दिखेंगे। इन दोनों सीरीज के लिए तिलक को भारतीय टी20 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। सूर्यकुमार यादव के बाद अब श्रेयस को अब टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है।
ट्राई सीरीज से पहले Tilak Varma आईपीएल 2026 में Mumbai Indians के लिए खेलते हुए नजर आए थे। इस सीजन उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। उन्होंने 14 मुकाबलों में 29.91 की औसत से 359 रन बनाए, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 145.93 का रहा। इस दौरान तिलक ने एक शतक और दो अर्धशतक भी अपने नाम किए, जिससे उनकी बल्लेबाजी की निरंतरता साफ नजर आई। हालांकि तिलक का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन मुंबई इंडियंस का अभियान निराशाजनक रहा। टीम 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। अब ट्राई सीरीज में कप्तानी संभालने के बाद तिलक के खेल में आई धीमी रफ्तार चर्चा का विषय बनी हुई है।


