एनएसटी न्यूज, इंदौर। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 के 29वें मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को हाई-स्कोरिंग रोमांच देखने को मिला। होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जबलपुर रॉयल लायंस ने 224 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से हरा दिया। जबलपुर ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर 224 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की। अर्पित गौड़ मैन आफ द मैच बने। इससे पहले भोपाल लेपर्ड्स ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 223 रन बनाए। टीम को तनीष्क यादव और राहुल चंद्रोल ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। तनीष्क ने 26 और राहुल ने 28 रन बनाए। इसके बाद अंश बगाड़िया और कप्तान अनिकेत वर्मा ने पारी को मजबूती दी। अंश बगाड़िया ने 34 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में 42 रन ठोक दिए। अंतिम ओवरों में प्रांजुल पुरी ने 13 गेंदों में 27 और कमल त्रिपाठी ने 6 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर स्कोर 223 तक पहुंचाया। जबलपुर की ओर से पुनीत दाते और पंकज पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए। अक्षय शर्मा और नयनराज मेवाड़ा को एक-एक सफलता मिली।
224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। अर्पित गौड़ और अजय रोहेरा ने पहले विकेट के लिए मात्र 5.2 ओवर में 88 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। अर्पित गौड़ ने सिर्फ 23 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 3 चौके शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 256.52 रहा। अजय रोहेरा ने 17 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया। इसके बाद अभिषेक भंडारी ने 5 गेंदों में 12 रन बनाकर रनगति को बरकरार रखा। मध्यक्रम में वेदांत अवस्थी ने जिम्मेदारी संभालते हुए 34 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के लगाए। रितिक ताड़ा ने 21 रन जोड़कर उनका अच्छा साथ निभाया।
हालांकि बीच में कुछ विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन कप्तान राहुल बाथम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 19 रन बनाए। उनके साथ पुनीत दाते ने 6 गेंदों में 7 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने टीम को 19वें ओवर में जीत दिलाकर ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल बना दिया। भोपाल के लिए युवराज नेमा ने 2 विकेट लिए, जबकि पवन निर्वाणी, प्रियांशु शुक्ला और हिमांशु शिंदे को एक-एक सफलता मिली। हालांकि 223 रन जैसा विशाल स्कोर भी टीम को जीत नहीं दिला सका। इस जीत के साथ जबलपुर रॉयल लायंस ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी, जबकि भोपाल लेपर्ड्स को शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा।


